कभी-कभी जीवन में ऐसी परिस्थितियां आती हैं, जब हमें लगता है कि अब कुछ भी अच्छा नहीं हो सकता। लेकिन कई बार समस्या परिस्थिति में नहीं, बल्कि उसे देखने के हमारे नजरिए में छिपी होती है। सकारात्मक सोच हमें मुश्किल समय में भी उम्मीद बनाए रखने, गलतियों से सीखने और आगे बढ़ने की ताकत देती है। इसका मतलब यह नहीं है कि हम समस्याओं को नजरअंदाज करें, बल्कि इसका अर्थ है कि हम समस्या के साथ-साथ उसके समाधान को भी देखना सीखें।
इस लेख में हम सकारात्मक सोच की 5 प्रेरणादायक कहानियां (Motivational Stories Hindi) पढ़ेंगे। इन कहानियों में कभी नुकसान के पीछे छिपा लाभ दिखाई देगा, कभी असफलता सफलता का रास्ता बनाएगी और कभी एक छोटी-सी सकारात्मक सोच पूरी परिस्थिति को बदल देगी। इन कहानियों का उद्देश्य केवल मनोरंजन करना नहीं, बल्कि यह समझाना है कि सही दृष्टिकोण हमारे जीवन, फैसलों और रिश्तों पर कितना गहरा प्रभाव डाल सकता है।
सकारात्मक सोच का वास्तविक अर्थ क्या है?
दोस्तों, हमारा जीवन बहुत हद तक हमारी सोच का आईना होता है। हम किसी घटना को किस नजरिए से देखते हैं, उसी के आधार पर हमारी भावनाएं, हमारे निर्णय और हमारे अगले कदम तय होते हैं। नकारात्मक सोच रखने वाला व्यक्ति अक्सर हर परिस्थिति में समस्या, कमी और नुकसान खोजने लगता है। वहीं सकारात्मक सोच रखने वाला व्यक्ति कठिन परिस्थितियों में भी कोई सीख, कोई संभावना या आगे बढ़ने का रास्ता तलाश लेता है।
सकारात्मक सोच का अर्थ यह नहीं है कि जीवन में कभी दुख, डर, असफलता या परेशानी नहीं आएगी। जीवन में कठिन परिस्थितियां आना स्वाभाविक है। सकारात्मक सोच का वास्तविक अर्थ है—कठिन परिस्थिति को स्वीकार करना, भावनाओं को समझना और उसके बाद समाधान की दिशा में कदम उठाना।
सकारात्मक सोच रखने वाला व्यक्ति भी दुखी होता है, लेकिन वह दुख को अपनी पूरी पहचान नहीं बनने देता। वह असफलता से सीखने की कोशिश करता है, जरूरत पड़ने पर मदद मांगता है और धीरे-धीरे आगे बढ़ता है।
इसके विपरीत नकारात्मक सोच व्यक्ति को समस्या के बारे में इतना सोचने पर मजबूर कर सकती है कि वह समाधान की दिशा में कदम ही नहीं उठा पाता। वह हर अवसर में खतरा, हर व्यक्ति में बुराई और हर परिस्थिति में हार देखने लगता है।
Self Confidence कैसे बढ़ाएं? आत्मविश्वास बढ़ाने के 5 सबसे असरदार तरीके
Motivational stories in hindi
देखिए ऐसा नहीं है कि सकारात्मक सोच रखने वाला इंसान कभी दुखी नहीं होता या उसके जीवन में परेशानियां नहीं आतीं। फर्क सिर्फ इतना है कि वह परेशानी के सामने पूरी तरह टूटने के बजाय यह सोचने की कोशिश करता है कि अब इस परिस्थिति से बाहर कैसे निकला जाए। इसी अंतर को समझाने के लिए आज हम आपके लिए 5 छोटी लेकिन बेहद सीख देने वाली प्रेरणादायक कहानियां (5Motivational stories in hindi) लेकर आए हैं। इन कहानियों के माध्यम से आप समझ पाएंगे कि सकारात्मक और नकारात्मक सोच हमारे जीवन को किस तरह अलग-अलग दिशा में ले जाती है।
1. लाभ और हानि
एक गरीब आदमी बड़ी मेहनत से एक एक-एक रूपया जोड़ कर मकान बनवाता है। उस मकान को बनवाने के लिए वह पिछले 20 वर्षों से एक-एक पैसा बचत करता है ताकि उसका परिवार छोटे से झोपड़े से निकलकर पक्के मकान में सुखी रह सके। आखिरकार एक दिन मकान बन कर तैयार हो जाता है।
तत्पश्चात पंडित से पूछ कर गृह प्रवेश के लिए शुभ दिन निश्चित की जाती है। लेकिन गृहप्रवेश के 2 दिन पहले ही भूकंप आता है और उसका मकान पूरी तरह ध्वस्त हो जाता है। यह खबर जब उस आदमी को पता चलती है तो वह दौड़ा दौड़ा बाजार जाता है और मिठाई खरीद कर ले आता है। मिठाई लेकर वह घटनास्थल पर पहुंचता है जहां पर काफी लोग इकट्ठे होकर उसके के मकान गिरने पर अफसोस जाहिर कर रहे थे। ओह बेचारे के साथ बहुत बुरा हुआ, कितनी मुश्किल से एक-एक पैसा जोड़कर मकान बनवाया था। इसी प्रकार लोग आपस में तरह-तरह की बातें कर रहे थे।
वह आदमी वहां पहुंचता है और झोले से मिठाई निकाल कर सबको बांटने लगता है। यह देखकर सभी लोग हैरान हो जाते हैं। तभी उसका एक मित्र उससे कहता है, कहीं तुम पागल तो नहीं हो गए हो, तुम्हारा घर गिर गया, तुम्हारी जीवन भर की कमाई बर्बाद हो गई और तुम खुश होकर मिठाई बांट रहे हो।
वह आदमी मुस्कुराते हुए कहता है, तुम इस घटना का सिर्फ नकारात्मक पक्ष देख रहे हो इसलिए इसका सकारात्मक पक्ष तुम्हें दिखाई नहीं दे रहा है। ये तो बहुत अच्छा हुआ कि मकान आज ही गिर गया। वरना तुम्ही सोचो अगर यह मकान 2 दिनों के बाद गिरता तो मैं मेरी पत्नी और बच्चे सभी मारे जा सकत थे।। तब कितना बड़ा नुकसान होता। इसलिए मैं इस बात के लिए खुश हूं कि कम से कम मेरा परिवार सुरक्षित है।
इस कहानी से सीख
हर घटना में तुरंत अच्छाई दिखाई दे, यह जरूरी नहीं है। कई बार किसी नुकसान का सकारात्मक पक्ष हमें बहुत बाद में समझ आता है। लेकिन कठिन परिस्थिति में भी यदि हम यह सोच सकें कि “अब इससे आगे क्या किया जा सकता है?”, तो हम निराशा में डूबने से बच सकते हैं।
सकारात्मक सोच का अर्थ नुकसान को नकारना नहीं है। इसका अर्थ है नुकसान को स्वीकार करते हुए उसके बाद का रास्ता तलाशना।
गलतियों से कैसे सीखें? सफलता के लिए जरूरी है गलतियां करना | Motivational Speech
2. सकारात्मक सोच की शक्ति
एक बार एक छोटे से राज्य पर एक बहुत बड़े राज्य ने चढ़ाई कर दी। राज्य छोटा था इसलिए सेना भी छोटी थी। जो उस राज्य की विशाल सेना के आगे तिनके के सामान थी। गुप्तचरों ने जब सेनापति को इसकी सूचना दी तो सेनापति घबरा गया। वह फौरन राजा से जाकर मिला और सारी आपबीती सुनाई।
राजा ने जब सुना कि उसके राज्य पर शत्रुओं ने आक्रमण कर दिया है तो वह क्रोधित हो उठा। राजा ने सेनापति से कहा- जाइए जाकर युद्ध की तैयारियां शुरू किजिए। सेनापति बोला- परंतु महाराज, हमारी सेना में केवल दस हज़ार सैनिक है और उनके पास एक लाख सैनिक है। ऐसे में हम उनका मुकाबला कैसे कर पाएंगे। राजा उसका उत्साह बढ़ाते हुए बोला- कुछ भी हो लेकिन हम पराजय स्वीकार नहीं कर सकते। परंतु महाराज मैं जानबूझकर मौत के मुंह में नहीं जा सकता। सेनापति ने यह कहते हुए अपनी तलवार राजा के कदमों में डाल दी।
सेनापति के इस कदम से राजा बड़ी मुश्किल में पड़ गया। अब वह भागा-भागा राजगुरु के शरण में पहुंचा। उसने राजगुरु से सारी बात बताई और इस मुसीबत से निकलने का उपाय पूछा। राजगुरु ने कहा- राजन् सबसे पहले आप अभी के अभी उस सेनापति को कारागार में डाल दो, अन्यथा वह अन्य सैनिकों को भी हतोत्साहित कर देगा और जल्द से जल्द युद्ध की तैयारियां पूरी करों। हम स्वयं सेनापति की हैसियत से सेना का नेतृत्व करेंगे।
परंतु गुरुवर अपने तो आज तक किसी शस्त्र को हाथ भी नहीं लगाया है फिर आप कैसे युद्ध कर सकेंगे।
राजगुरु ने कहा- आप चिंता ना करें राजन् मैं देख लूंगा।
राजा के पास और कोई चारा भी नहीं था इसलिए वह राजगुरू की बात मान गया।
आधी रात को राजगुरु अपनी सेना को लेकर सीमा की ओर रवाना हुए। चलते-चलते वे राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों में पहुंचे तभी उन्हें एक मंदिर दिखाई पड़ता है। राजगुरु ने सैनिकों से कहा- रूको जरा अपने देवता से पूछ लूं कि हमारी जीत होगी या हार।
सैनिकों ने अचरज से पूछा कि ये कैसे हो सकता है, भला मंदिर के देवता ये कैसे बता सकते हैं।
राजगुरु ने कहा- इस मंदिर के देवता बड़े चमत्कारी है और इनकी बताई हुई बात कभी झुठ नहीं हो सकती।
फिर राजगुरु ने जेब से चांदी का एक सिक्का निकाला और मंदिर के देवता को प्रणाम करके बोले- चीत आया तो हमारी जीत और पट आया तो हार। यह कहकर राजगुरु ने सिक्का उछाल दिया। सैनिकों ने देखा तो सिक्का चीत गिरा था। अब राजगुरु सैनिकों को उत्साहित करते हुए बोले- साथियों अब हमारे हारने का कोई प्रश्न ही नहीं उठता इसलिए पुरे जोश और जुनून के साथ लड़ना।
फिर योजना अनुसार वे रात के तीसरे पहर में आराम करते शत्रुओं पर टुट पड़े। बड़ा भीष्म युद्ध हुआ सैनिकों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। धीरे-धीरे वे शत्रुओं पर भारी पड़ने लगे। उन्होंने ऐसी मार-काट मचाई की शत्रु सैनिकों के पांव उखड़ गए और वे भागने लगे। अंततः जीत उनकी ही हुई।
वापस लौटते वक्त सैनिक फिर उसी मंदिर के पास रूके और मंदिर के देवता को धन्यवाद देते हुए कहने लगे।
“हे प्रभु: आपकी कृपा से ही हमारी जीत संभव हो सकी है।
राजगुरु मुस्कुराएं और बोले-
जीत इनकी कृपा से नहीं बल्कि तुम्हारे सकारात्मक सोच का परिणाम है। लेकिन सैनिकों को उनकी बातों पर विश्वास नहीं हुआ। अतः राजगुरु ने वो सिक्का निकाला। सैनिकों ने देखा तो उनकी आंखें फटी रह गई। सिक्के में दोनों तरफ केवल चीत ही था।
इस कहानी से सीख
कई बार हमारी सबसे बड़ी कमजोरी हमारी परिस्थिति नहीं, बल्कि उसके बारे में हमारी सोच होती है। यदि हम शुरुआत से ही खुद को हारा हुआ मान लें, तो हमारी क्षमता कमजोर पड़ जाती है। लेकिन यदि हम अपनी पूरी तैयारी और मेहनत के साथ आगे बढ़ें, तो मुश्किल परिस्थितियों में भी बेहतर परिणाम हासिल कर सकते हैं।
ध्यान रखें, सकारात्मक सोच का अर्थ केवल जीत की कल्पना करना नहीं है। इसके साथ सही योजना, मेहनत, अनुशासन और वास्तविकता को समझना भी जरूरी है।
never give up motivational speech: जीवन की चुनौतियों से डरें नहीं, हौसले से लड़ें
3. बस कंडक्टर और यात्री
“हेलो भाईसाहब टिकट ले लिजिए टिकट..
बस कंडक्टर ने उस आदमी से कहा।
उस आदमी ने पीछे मुड़कर देखा और रौबदार आवाज में बोला, मैं टिकट नहीं लेता। दुबले-पतले कंडक्टर ने उस 6 फुट लम्बे और बाॅडी बिल्डर आदमी को देखा तो उसकी दुबारा बोलने की हिम्मत ही नहीं हुई। वह चुपचाप आगे बढ़ गया।
अगले दिन वह आदमी फिर मिल गया। कंडक्टर ने फिर उससे टिकट के लिए पुछा, मैं कभी टिकट नहीं लेता। फिर वहीं उत्तर मिला। अगले दिन वह बस में फिर चढ़ा और फिर उसने टिकट नहीं लिया। अगले कई दिनों तक यहीं सिलसिला चलता रहा। उसके टिकट ना लेने से कंडक्टर के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचती लेकिन उसके हट्टे कट्टे शरीर को देखकर उसका आत्मविश्वास कमजोर पड़ जाता। एक दिन कंडक्टर के भीतर का मर्द जाग उठा, उसने सोचा कि आखिर कब तक इसके डर से नुकसान उठाते रहेंगे। अब तो इज्जत का सवाल है।
आखिरकार कंडक्टर ने एक महीने की छुट्टी ले कर जिम ज्वाइन कर ली। जिम में उसने खुब मेहनत की खुब पसीने बहाएं। एक महीने बाद फिर वह अपने काम पर वापस आया तो उसकी खुब बाॅडी बन चुकी थी और उसका आत्मविश्वास भी बढ गया था।
“हां भाई टिकट के पैसे निकालो।”
कंडक्टर ने सोच लिया था कि आज इससे टिकट ले कर रहूंगा।
“मैं टिकट नहीं लेता।”
फिर वहीं जवाब मिला।
“अबे ऐसे कैसे नहीं लेगा. . .
कंडक्टर रोबदार आवाज में बोला।
क्योंकि मैंने एक साल के लिए पास बनवा रखा है। यह कहते हुए उसने पास निकाल कर बढ़ा दिया। अब तो कंडक्टर की ऐसी स्थिति हो गई जैसे खोदा पहाड़ और निकली चुहिया।
इस कहानी से सीख
हम अक्सर बिना पूरी जानकारी के लोगों और परिस्थितियों के बारे में अपनी राय बना लेते हैं। हमें लगता है कि सामने वाला गलत है, कोई व्यक्ति घमंडी है या कोई परिस्थिति हमारे खिलाफ है। लेकिन कई बार सच्चाई हमारी कल्पना से बिल्कुल अलग होती है।
इसलिए किसी व्यक्ति या घटना के बारे में फैसला लेने से पहले पूरी जानकारी हासिल करें। अनुमान और डर के आधार पर बनाई गई धारणाएं हमें अनावश्यक तनाव और शर्मिंदगी दे सकती हैं।
तनावमुक्त जीवन जीने के 12 सूत्र: मानसिक शांति और खुशहाल जीवन पाने के आसान तरीके
4. एहसान का बदला
एक बार एक गरीब नौजवान एक कंपनी में नौकरी के लिए इंटरव्यू देने गया। कंपनी के सीईओ ने सभी कागजात चेक करने के बाद कहा-
“आपके पास कितने साल काम करने का अनुभव है।
“सर अनुभव तो मेरे पास नहीं है क्योंकि मैंने अभी-अभी पढाई खत्म की है लेकिन आप एक बार मौका देकर देखिए, मैं आपको निराश नहीं करूंगा।”
नौजवान युवक ने पूरे आत्मविश्वास से कहा।
“माफ कीजिए लेकिन हमें केवल अनुभवी लोगों की जरूरत है।”
यह कहकर सीईओ ने दुसरे उम्मीदवार को बुला लिया।
वह युवक निराश होकर वहां से चला गया। इस घटना कुछ साल बीत गए। एक बार वह कंपनी घाटे में जाने जा रही थी। धीरे-धीरे घाटा इतना बढ़ गया कि कंपनी बेचने की नौबत आ गई। काफी खोजबीन के बाद एक बिजनेसमैन उस कंपनी को खरीदने के लिए तैयार हुआ।
सौदा पक्का होने के बाद उस कंपनी के सीईओ ने बिजनेसमैन को काॅल किया और कहा, हमारी डुबती कंपनी को खरीद कर आपने हमारे ऊपर बहुत बड़ा एहसान किया है। हम आपका ये एहसान जीवन भर नहीं भूलेंगे।
बिजनेसमैन ने कहा –
“हमने आपके ऊपर कोई एहसान नहीं किया बल्कि आपके एक एहसान का कर्ज अदा किया है।”
सीईओ ने अचरज से पूछा- “कब और कैसा एहसान।”
बिजनेसमैन ने याद दिलाया-
आपको याद है कुछ साल पहले मैं आपके कंपनी में नौकरी मांगने के लिए आया था। लेकिन अपने अनुभव ना होने की वजह से मुझे नौकरी नहीं दिया। इसलिए मैं आपका एहसानमंद हूं क्योंकि अगर आपने उस दिन मुझे नौकरी दे दी होती तो मैं आज भी आपके कंपनी में नौकरी कर रहा होता। आपकी अस्वीकृति ने मुझे कुछ नया करने और अपने पैरों पर खड़े होने के लिए मजबूर किया।
यह कहानी भारत के महान उधोगपति रतन टाटा के जीवन की वास्तविक कहानी बताई जाती है। परंतु इसका कोई ठोस प्रमाण मौजूद नहीं है।
इस कहानी से सीख
जीवन में हर अस्वीकृति अंत नहीं होती। कई बार जिस अवसर के न मिलने पर हम दुखी होते हैं, वही हमें किसी बेहतर रास्ते की ओर ले जाता है। इसका मतलब यह नहीं कि हर असफलता अपने-आप सफलता में बदल जाएगी। लेकिन यदि हम असफलता से सीख लेकर अपनी दिशा बदलें और लगातार मेहनत करते रहें, तो कठिन अनुभव भी हमारे लिए उपयोगी बन सकते हैं।
इसलिए किसी असफलता के बाद खुद से यह सवाल पूछें:
“मेरे साथ ऐसा क्यों हुआ?” के साथ-साथ यह भी पूछें—
“अब मैं इससे क्या सीख सकता हूं?”
5. एक मां का विश्वास
एक छात्र स्कूल से घर लौट कर अपने मां को एक पत्र देता है।
मां ने पूछा – यह क्या है?
स्कूल के प्रधानाचार्य ने इसे आपको देने के लिए कहा था।
बेटे ने कहा।
मां ने वह पत्र पढ़ना शुरू किया और पढ़ते-पढ़ते उनकी आंखों में आंसु बहने लगते हैं।
मां की आंखों में आंखु देखकर बेटे ने पूछा-
“क्या हुआ मां, इसमें क्या लिखा है?”
मां ने कहा –
बेटा आपके स्कुल के प्रधानाचार्य ने लिखा है कि आपका बेटा पढ़ने में बहुत ज्यादा तेज है इसलिए हमारे स्कुल के शिक्षक इसे पढ़ाने में सक्षम नहीं हैं इसलिए अपने बेटे का एडमिशन किसी बड़े स्कूल में करा दें।
बेटे ने जब ये सुना तो उसका सर गर्व से ऊंचा हो गया। उसने मन ही मन तय कर लिया कि अब वह और मन लगाकर पढ़ेगा। मां ने उसका एडमिशन दुसरे स्कुल में करा दिया। बेटा भी इस आत्मविश्वास के साथ खुब मन लगाकर पढ़ने लगा कि वह पढ़ने में बहुत तेज है। धीरे-धीरे दिन बीतते गए और अब वह छात्र पढ़-लिखकर एक महान वैज्ञानिक बन चुका। नाम था अल्बर्ट आइंस्टीन।
अब उनके पास किसी चीज की कमी नहीं थी धन-दौलत पद, प्रतिष्ठा,सब कुछ था उसके पास लेकिन उनकी मां नहीं थी। कुछ सालों पहले ही वह स्वर्ग सिधार चुकी थी। एक दिन उन्हें अपनी मां की बहुत याद आ रही थी इसलिए वे अलमारी के दराजों में अपनी मां से जुड़ी यादें तलाश रहे थे।
तभी उन्हें एक पत्र मिला। पत्र देखते ही उन्होंने फौरन पहचान लिया। यह वहीं बचपन के स्कूल वाला पत्र था जिसे उन्होंने मां को दिया था। अल्बर्ट आइंस्टीन उत्सुकतावश पत्र पढ़ना शुरू किया।
“मैम हमें ये बड़े दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि आपका बेटा पढ़ाई-लिखाई में बहुत ही मंदबुद्धि है। इसे कुछ भी पढ़ाओं लेकिन इसे कुछ याद ही नहीं होता इसलिए हम इसे अपने स्कूल से निकाल रहे हैं। आप इसका एडमिशन किसी दूसरे स्कूल में करवा दीजिये। अन्यथा इसे खुद ही घर में पढ़ाइए।”
पत्र को पढ़ते पढ़ते अल्बर्ट आइंस्टीन के आंखों से झर-झर आंसू गिरने लगे उन्हें समझ आ गया कि आज वे जो भी हैं यह उनके मां की सकारात्मक सोच का ही नतीजा है।
नोट: इस घटना का विश्वसनीय ऐतिहासिक प्रमाण उपलब्ध नहीं है। इसलिए इसे आइंस्टीन की वास्तविक जीवनी के रूप में नहीं, बल्कि मां के विश्वास और सकारात्मक प्रोत्साहन की एक प्रेरणादायक कहानी के रूप में समझना बेहतर है।
जीवन और रिश्तों में सकारात्मक सोच कैसे लाएं
इस कहानी से सीख
दोस्तों, आजकल अक्सर सुनने को मिलता है कि मां-बाप छोटी-छोटी बातों पर बच्चों को डांटते रहते हैं।
तू किसी लायक नहीं है, तुझसे कुछ नहीं हो सकता, पढ़ाई-लिखाई तेरे बस की बात नहीं है।
परीक्षा में कम नंबर आ गए तब तो शामत ही समझो। मां-बाप ताने मार-मार कर लोग बच्चों का आत्मविश्वास तोड़ देते हैं। इस तरह की नकारात्मक प्रतिक्रियाओं के प्रभाव से बच्चों के मन-मस्तिष्क पर बुरा प्रभाव पड़ता है और उन्हें भी लगने लगता है कि जरुर उनके अंदर कोई कमी है।
ऐसे बच्चे जीवन में कभी सफल नहीं हो पाते क्योंकि बचपन से ही नकारात्मक बातें सुन-सुनकर उनका आत्मविश्वास कमजोर हो चुका होता है। इसलिए हर मां बाप को इस कहानी से सीख लेनी चाहिए
माता-पिता और शिक्षक यदि बच्चों की कमियों के साथ उनकी संभावनाओं को भी देखें, तो बच्चे अधिक आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकते हैं। प्रोत्साहन का अर्थ गलतियों को छिपाना नहीं, बल्कि बच्चे को सुधारने का अवसर देना है।
निष्कर्ष
हमारे जीवन में कई ऐसी घटनाएं आती हैं जिन्हें उस समय हम केवल दुख, नुकसान या असफलता के रूप में देखते हैं। लेकिन समय बीतने के बाद कभी-कभी समझ आता है कि उसी घटना ने हमें कुछ नया सिखाया, किसी बड़ी परेशानी से बचाया या किसी बेहतर रास्ते पर पहुंचाया।
इसलिए जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण रखना जरूरी है। इसका अर्थ यह नहीं कि हम हर दुख को खुशी का नाम दे दें या हर समस्या को नजरअंदाज कर दें। इसका अर्थ है कि हम समस्या को समझें, अपनी भावनाओं को स्वीकार करें और फिर समाधान की दिशा में आगे बढ़ें।
नकारात्मक सोच हमें डर और निराशा में रोक सकती है, जबकि सकारात्मक सोच हमें कठिन परिस्थितियों में भी आगे बढ़ने की हिम्मत देती है।
सकारात्मक सोच कैसे विकसित करें? Positive Thinking के 10 आसान और असरदार तरीके
तो दोस्तों, आपको इन पांचों कहानियों (Motivational stories in hindi) में से कौन-सी कहानी सबसे ज्यादा प्रेरणादायक लगी? अपनी राय नीचे कमेंट में जरूर लिखें। यदि आपको यह लेख उपयोगी लगा हो, तो इसे अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें। हमारे साथ जुड़ने के लिए हमें Facebook, Instagram pintrest linkedin पर फॉलो करें। आप हमारे YouTube चैनल को सब्सक्राइब कर सकते है।




