क्या आपने कभी ऐसे व्यक्ति को देखा है जिसे जिंदगी में लगभग हर चीज से शिकायत रहती है? अच्छी चीज में भी कमी, छोटी परेशानी में भी बड़ी चिंता और दूसरों की खुशी देखकर भी बेचैनी। लेकिन क्या खुश रहने के लिए जिंदगी का पूरी तरह perfect होना जरूरी है?
शायद नहीं।
असली सवाल यह है कि मुश्किल परिस्थितियों के बीच भी हम अपने मन को शांत और खुश रखना कैसे सीखें।
तो आज इस लेख में हम जानेंगे हमेशा खुश कैसे रहें, इसके लिए कौन-सी 10 आसान आदतें और सोच अपनाई जा सकती हैं और समस्याओं के बीच भी जिंदगी में खुशी और संतुष्टि कैसे तलाशें।
हमेशा खुश कैसे रहें?
हमेशा खुश रहने के लिए जरूरी है कि हम अपनी जिंदगी की समस्याओं को पूरी तरह खत्म करने का इंतजार करने के बजाय उनके बीच भी खुशी तलाशना सीखें।
अतीत को स्वीकार करना, दूसरों से तुलना न करना, अपनी सेहत का ध्यान रखना, रिश्तों को समय देना और छोटी-छोटी खुशियों की कद्र करना जीवन को ज्यादा संतुलित और खुशहाल बना सकता है।
लेकिन दुनिया में कुछ लोग ऐसे होते हैं जो जब देखो तब दुखी और परेशान नजर आते हैं। उन्हें अपनी जिंदगी से हमेशा कोई न कोई शिकायत रहती है।
ऐसा लगता है जैसे दुनिया की सारी परेशानियां सिर्फ उन्हीं के हिस्से में आई हैं। वे हर परिस्थिति में नकारात्मक पक्ष ढूंढ लेते हैं। अच्छी चीजों में भी उन्हें कोई न कोई कमी दिखाई देती है।
अगर उनका बस चले तो शायद ताजमहल जैसी खूबसूरत चीज में भी कोई कमी निकाल दें।
लेकिन सवाल यह है कि कुछ लोग हमेशा उदास और दुखी क्यों रहते हैं? क्या जिंदगी में खुश रहने का कोई तरीका है?
क्या हम विपरीत और प्रतिकूल परिस्थितियों के बीच भी खुश रहना सीख सकते हैं?
आज के इस लेख में हम इसी बारे में बात करेंगे। आज हम जानेंगे कि जीवन में हमेशा खुश रहने के लिए अपनी सोच और जीवनशैली में कौन-कौन से छोटे बदलाव किए जा सकते हैं। लेकिन उससे पहले एक छोटी-सी कहानी समझते हैं।
इसके बाद पढ़ें : अच्छे लोगों के साथ बुरा क्यों होता है
प्रेरणादायक लघु कथा: समस्याएं कभी पूरी तरह खत्म नहीं होतीं
एक बार एक दुखी व्यक्ति अपने जीवन की परेशानियों से तंग आकर महात्मा बुद्ध के पास पहुंचा।
वह उनके चरणों में गिरकर बोला— “हे महात्मन! मैं अपनी जिंदगी की समस्याओं से पूरी तरह परेशान हो चुका हूं। एक समस्या खत्म होती है तो दूसरी सामने खड़ी हो जाती है। दूसरी समस्या को हल करता हूं तो तीसरी समस्या आ जाती है। आखिर मैं कब तक इन परेशानियों से लड़ता रहूंगा?”
उसने आगे कहा— “मैंने सुना है कि आप बहुत ज्ञानी हैं। इसलिए मैं आपके पास आया हूं। कृपया मुझे ऐसा उपाय बताइए जिससे मेरी जिंदगी की सारी समस्याएं हमेशा के लिए खत्म हो जाएं।”
महात्मा बुद्ध ने कहा— “उपाय तो मैं तुम्हें बता दूंगा, लेकिन अभी नहीं। इसके लिए तुम्हें आज रात मेरा एक काम करना होगा।”
वह व्यक्ति तैयार हो गया। बुद्ध ने कहा— “आज रात तुम्हें मेरे ऊंटों के बसेरे में पहरा देना है। जब सभी ऊंट बैठ जाएं, तब तुम भी सो जाना। लेकिन ध्यान रखना, जब तक एक भी ऊंट खड़ा रहे, तुम्हें सोना नहीं है।”
वह व्यक्ति बोला, “ठीक है।”
वह रातभर ऊंटों के पास पहरा देता रहा। अगली सुबह जब वह बुद्ध के पास पहुंचा तो उसकी आंखें लाल थीं।
बुद्ध ने पूछा— “लगता है तुम रातभर सोए नहीं?”
वह व्यक्ति बोला— “हां महात्मन! मैं पूरी रात सो नहीं पाया। वहां सैकड़ों ऊंट थे। एक ऊंट बैठता तो दूसरा खड़ा हो जाता। दूसरा बैठता तो तीसरा खड़ा हो जाता। पूरी रात एक भी ऐसा समय नहीं आया जब सभी ऊंट एक साथ बैठे हों।”
बुद्ध मुस्कुराए और बोले— “तुम्हारी जिंदगी भी इन ऊंटों जैसी ही है। जिंदगी में समस्याएं पूरी तरह खत्म नहीं होतीं। एक समस्या जाती है तो दूसरी सामने आ सकती है। इसलिए अगर तुम यह इंतजार करते रहोगे कि सारी समस्याएं खत्म होने के बाद ही खुश रहूंगा, तो शायद वह समय कभी नहीं आएगा।”
जीवन में समस्याएं होना जीवन का हिस्सा है। इसलिए हमें समस्याओं के बीच भी जीना और खुश रहना सीखना होगा। जिस तरह गुलाब कांटों के बीच खिलता है और कमल कीचड़ में खिलता है, उसी तरह इंसान को भी जीवन की परेशानियों के बीच अपनी खुशी तलाशना सीखना पड़ता है।
इसके लिए धैर्य, संतोष और स्वीकार करने की क्षमता जरूरी है।
हमेशा खुश रहने के लिए क्या करना चाहिए?
दोस्तों, पैसे कमाने के लिए हम तरह-तरह के हुनर सीखते हैं। कोई व्यापार करना सीखता है, कोई नौकरी के लिए नई skills सीखता है और कोई अपने काम में बेहतर बनने के लिए वर्षों मेहनत करता है। लेकिन एक सवाल खुद से पूछिए— क्या हमने कभी जिंदगी जीने का हुनर सीखने की कोशिश की है?
दरअसल, जिंदगी जीना भी एक कला है। (जिंदगी जीने का सही तरीका क्या है?)
जो व्यक्ति इस कला को समझ लेता है, वह कठिन परिस्थितियों में भी जीवन के छोटे-छोटे सुखों को महसूस करना सीख जाता है।
ऐसे लोग जानते हैं कि दुनिया में कोई भी चीज पूरी तरह perfect नहीं होती। हर इंसान और हर परिस्थिति में कुछ अच्छाइयां होती हैं तो कुछ कमियां भी।
इसलिए खुश रहने के लिए जरूरी है कि हम सिर्फ अपनी कमियों और परेशानियों को देखने के बजाय अपनी जिंदगी में मौजूद अच्छी चीजों को भी पहचानें।
दुनिया में ऐसे बहुत से लोग हैं जिनके सामने हमसे कहीं बड़ी चुनौतियां हैं। किसी के पास शारीरिक कठिनाइयां हैं, किसी के पास आर्थिक परेशानियां हैं, तो किसी के पास पर्याप्त समय नहीं है।
इसलिए अपने जीवन में जो कुछ अच्छा है, उसकी कद्र करना और उसके लिए आभारी होना भी सीखना चाहिए। खुश रहने वाले लोग यह समझते हैं कि संघर्ष जिंदगी का हिस्सा है। इसलिए वे हर समस्या से टूटने के बजाय उसके बीच समाधान और खुशी तलाशने की कोशिश करते हैं।
जिंदगी का कोई भरोसा नहीं, इसलिए आज को जीना सीखिए
दोस्तों, जिंदगी का कोई भरोसा नहीं है। हमें नहीं पता कि आने वाला समय हमारे लिए क्या लेकर आएगा। कौन-सा दिन हमारी जिंदगी का आखिरी दिन होगा, यह भी किसी को पता नहीं।
तो फिर हमें खुद से यह सवाल पूछना चाहिए— क्या हम अपनी जिंदगी का कीमती समय हमेशा चिंता और दुख में बिताना चाहते हैं?
अगर हम हर समय बीती हुई बातों का दुख और आने वाले समय की चिंता करते रहेंगे, तो वर्तमान हमारे हाथ से निकलता जाएगा।
इसलिए जीवन में खुश रहने के लिए हमें अपनी परिस्थितियों को समझते हुए आज के पल को बेहतर तरीके से जीना सीखना होगा।
हमेशा खुश रहने के 10 आसान तरीके

अब आइए जानते हैं ऐसे 10 आसान तरीके, जो आपको अपनी जिंदगी में ज्यादा संतुलित और खुश रहने में मदद कर सकते हैं।
1. बुरी यादों को पीछे छोड़ना सीखें
हर इंसान के जीवन में अच्छी और बुरी दोनों तरह की यादें होती हैं। अक्सर हम अच्छी यादों को तो समय के साथ भूल जाते हैं, लेकिन बुरी घटनाओं को लंबे समय तक अपने मन में पकड़े रहते हैं। किसी प्रियजन से जुदाई, किसी का बुरा व्यवहार, अतीत का खराब समय या किसी व्यक्ति से मिला धोखा—ऐसी घटनाएं लंबे समय तक हमारे मन में बनी रह सकती हैं।
लेकिन हमें यह भी समझना चाहिए कि जो बीत चुका है, उसे हम बदल नहीं सकते। बार-बार उसी घटना के बारे में सोचने से वह घटना बदलने वाली नहीं है। इसलिए धीरे-धीरे अतीत को स्वीकार करना सीखिए। आप इसे अपनी आस्था के अनुसार ईश्वर की इच्छा मानकर भी स्वीकार कर सकते हैं।
इसका अर्थ यह नहीं कि पुराने अनुभवों से कुछ सीखना छोड़ दें। बल्कि सीख लेकर आगे बढ़ना ही बेहतर रास्ता है। जो बीत गया, उससे सीखिए; लेकिन उसमें फंसे मत रहिए। (अतीत की बुरी यादों को कैसे भूलें?)
2. अपने खूबसूरत पलों को याद करें
जब कभी आपका मन उदास हो, तो अपनी जिंदगी के अच्छे पलों को याद करने की कोशिश करें।
अपने बचपन की कोई शरारत याद कीजिए। दोस्तों के साथ बिताया कोई मजेदार पल याद कीजिए। परिवार के साथ बिताया कोई खूबसूरत दिन याद कीजिए।
किसी प्रिय व्यक्ति के साथ बिताया हुआ कोई यादगार पल याद कीजिए। अपनी पसंद का कोई मनोरंजक गाना या फिल्म का कोई मजेदार दृश्य भी देख सकते हैं।
कई बार जिंदगी में मौजूद खुशी बहुत बड़ी घटना में नहीं, बल्कि ऐसी छोटी-छोटी यादों में छिपी होती है। इसलिए जब मन उदास हो तो अपने जीवन की अच्छी यादों को जगह देना भी एक तरीका हो सकता है।
3. हमेशा अपने दिल की आवाज सुनें
आज की प्रतिस्पर्धा भरी जिंदगी में बहुत से लोग अपनी इच्छाओं और पसंद को पीछे छोड़कर सिर्फ परिस्थितियों के हिसाब से जीवन जीने लगते हैं।
कई लोग ऐसा काम करते रहते हैं जिसे वे पसंद नहीं करते, लेकिन सिर्फ इसलिए करते हैं क्योंकि उससे पैसा मिलता है।
पूछने पर कहते हैं— “क्या करें, मजबूरी है।”
यह सच है कि जिंदगी में जिम्मेदारियां होती हैं और कई बार हमें समझौते भी करने पड़ते हैं। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हम अपनी इच्छाओं और खुशी को पूरी तरह भूल जाएं।
इसलिए जब भी जीवन में कोई बड़ा निर्णय लेना हो, तो अपनी परिस्थितियों के साथ-साथ अपने मन की आवाज और अपनी वास्तविक प्राथमिकताओं को भी समझने की कोशिश करें। क्योंकि केवल बाहरी सफलता हमेशा अंदर से संतुष्टि नहीं देती।
4. दूसरों से जरूरत से ज्यादा उम्मीदें न रखें
अगर आप जीवन में ज्यादा शांत और खुश रहना चाहते हैं, तो दूसरों से अपनी हर उम्मीद पूरी होने की अपेक्षा करना कम कीजिए।
हर व्यक्ति हमारे अनुसार व्यवहार नहीं कर सकता। हम किसी से जिस तरह की उम्मीद करते हैं, जरूरी नहीं कि वह व्यक्ति उसी तरह व्यवहार करे।
और जब हमारी उम्मीद टूटती है तो मन में क्रोध, दुख, निराशा, ईर्ष्या या अविश्वास जैसी भावनाएं पैदा हो सकती हैं।
इसलिए दूसरों से उम्मीदें रखने के बजाय अपनी खुशी को पूरी तरह उनके व्यवहार पर निर्भर न करें।
दूसरों पर विश्वास रखिए, रिश्तों की कद्र कीजिए, लेकिन अपनी मानसिक शांति की पूरी जिम्मेदारी किसी दूसरे व्यक्ति के हाथ में मत दीजिए।
दूसरों से उम्मीद कम और खुद पर विश्वास ज्यादा रखिए।
5. खुशियां बांटना सीखें
आपने अक्सर सुना होगा— “खुशियां बांटने से बढ़ती हैं।” अगर आप खुद खुश रहना चाहते हैं तो दूसरों के जीवन में भी खुशी लाने की कोशिश कीजिए।
किसी जरूरतमंद की मदद कीजिए। किसी परेशान व्यक्ति की बात सुन लीजिए। किसी उदास व्यक्ति को कुछ अच्छे शब्द कह दीजिए।
अपने परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताइए। उनके साथ हँसी मजाक कीजिए।
किसी की मदद करने के बाद जो संतोष मिलता है, वह भी जीवन की एक बड़ी खुशी हो सकती है।
इसलिए सिर्फ अपने लिए खुशियां खोजने के बजाय दूसरों के जीवन में भी खुशी का कारण बनने की कोशिश करें।
हमेशा मुस्कुराना क्यों जरूरी है?
6. हर बात को दिल पर लेना छोड़ें
दुनिया में हर तरह के लोग रहते हैं। कुछ लोग आपको समझेंगे, कुछ लोग आपकी आलोचना करेंगे।
कुछ लोग बिना किसी वजह के भी नकारात्मक बातें कर सकते हैं। कुछ लोग हर बात में कमी निकालते हैं और दूसरों की निंदा करने में अपना समय बिताते हैं।
ऐसे लोगों के व्यवहार को हर बार अपने ऊपर लेने की जरूरत नहीं है। हर बात का जवाब देना जरूरी नहीं होता।
हर आलोचना पर बहस करना जरूरी नहीं होता। कई बार नजरअंदाज कर देना ही सबसे बेहतर जवाब होता है।
इसलिए यह समझना सीखिए कि कौन-सी बात वास्तव में महत्वपूर्ण है और कौन-सी बात को छोड़ देना चाहिए।
गुस्सा कंट्रोल करने के आसान और प्रैक्टिकल तरीके
7. अपनी तुलना दूसरों से न करें
कहा जाता है कि इंसान कई बार अपने दुख से उतना परेशान नहीं होता, जितना दूसरे के सुख को देखकर परेशान होता है।
इसका एक बड़ा कारण है—तुलना।
जब हम लगातार दूसरों की जिंदगी, पैसा, घर, नौकरी, रिश्ते या सफलता से अपनी तुलना करते रहते हैं, तो हमें अपनी जिंदगी कम अच्छी लगने लगती है।
लेकिन हमें यह समझना चाहिए कि हर इंसान की परिस्थितियां अलग होती हैं। किसी की शुरुआत हमसे अलग है। किसी की जिम्मेदारियां अलग हैं। किसी की क्षमता और रास्ता अलग है।
इसलिए दूसरों से अपनी तुलना करने के बजाय यह देखिए कि आप कल से आज कितने बेहतर हुए हैं।
अपनी खूबियों को पहचानिए और उन्हें विकसित करने की कोशिश कीजिए।
आपकी सबसे सही तुलना किसी दूसरे व्यक्ति से नहीं, बल्कि अपने पुराने रूप से हो सकती है।
8. लोगों में अच्छाइयां ढूंढना सीखें
हर समय दूसरों की कमियां ढूंढते रहना भी हमारे मन को नकारात्मक बना सकता है।
कई बार कोई व्यक्ति हमें बुरा लगता है, लेकिन इसके पीछे उसकी परिस्थिति या हमारा उसके बारे में अधूरा नजरिया भी हो सकता है।
इसलिए हर इंसान में सिर्फ बुराई देखने के बजाय उसकी अच्छाइयों को भी देखने की कोशिश कीजिए।
याद रखिए, कोई भी इंसान पूरी तरह perfect नहीं होता। जैसे हमसे गलतियां होती हैं और हम चाहते हैं कि दूसरे हमारी गलती को समझें, उसी तरह दूसरों की गलतियों को भी समझने की कोशिश की जा सकती है।
इसका मतलब गलत व्यवहार को स्वीकार करना नहीं है। बल्कि जहां संभव हो वहां गलती और व्यक्ति के बीच अंतर करना सीखना है।
किसी में कुछ कमियां हो सकती हैं, लेकिन उसके अंदर कुछ अच्छाइयां भी हो सकती हैं। इसलिए हर समय बुराई खोजने के बजाय अच्छाई देखने की आदत डालिए।
9. खुद का ख्याल रखना सीखें
आज इंसान भौतिक सुख-सुविधाएं जुटाने की दौड़ में इतना व्यस्त हो गया है कि कई बार वह अपने स्वास्थ्य और आराम तक को भूल जाता है।
समय पर खाना नहीं। पर्याप्त नींद नहीं। व्यायाम के लिए समय नहीं। परिवार के लिए समय नहीं। बस हर समय पैसा कमाने की चिंता।
इसीलिए आपने यह बात जरूर सुनी होगी— “Health is Wealth” यानी स्वास्थ्य ही धन है। हमेशा स्वस्थ और फिट रहने के 7 बेहतरीन उपाय
पैसा जरूरी है, लेकिन अगर पैसा कमाने की कोशिश में हम अपना स्वास्थ्य ही खराब कर लें तो उस पैसे का आनंद लेना भी मुश्किल हो सकता है।
इसलिए पैसा कमाने के साथ-साथ अपने शरीर और मन का भी ध्यान रखें। समय पर भोजन करें। पर्याप्त नींद लें। शारीरिक गतिविधि करें।
और कभी-कभी खुद को आराम भी दें। खुश रहने के लिए खुद की देखभाल करना स्वार्थ नहीं, जरूरत है।
10. मनोरंजन और पसंद के काम के लिए समय निकालें
जिंदगी सिर्फ काम, जिम्मेदारियों और परेशानियों का नाम नहीं है। जीवन एक सफर है और इस सफर में चलते-चलते कभी-कभी इंसान थक और ऊब भी जाता है।
ऐसे समय में अपने रोजमर्रा के काम से थोड़ा अलग हटकर मनोरंजन करना गलत नहीं है। अपना पसंदीदा संगीत सुनिए। कोई अच्छी फिल्म देखिए। ये हैं दुनिया की 10 सबसे बेहतरीन फिल्में
परिवार के साथ समय बिताइए। दोस्तों से मिलिए। प्रकृति के बीच समय बिताइए। या फिर अपने किसी पुराने शौक के लिए समय निकालिए।
जरूरी नहीं कि खुशी पाने के लिए हमेशा कोई बड़ी चीज करनी पड़े।
कई बार एक अच्छा गाना, किसी अपने के साथ बातचीत, प्रकृति के बीच कुछ समय या अपनी पसंद का छोटा-सा काम भी मन को हल्का कर सकता है।
हमेशा खुश रहने का असली मतलब क्या है?
यह समझना बहुत जरूरी है कि हमेशा खुश रहने का मतलब यह नहीं है कि इंसान को कभी दुखी, परेशान या चिंतित नहीं होना चाहिए।
दुख और परेशानी भी जीवन का हिस्सा हैं। कभी हम सफल होंगे, कभी असफल। कभी हमारे साथ अच्छी घटनाएं होंगी, तो कभी मुश्किल परिस्थितियां भी आएंगी।
खुश रहने की कला शायद यह नहीं है कि हम जीवन के दुखों को पूरी तरह खत्म कर दें।
बल्कि यह है कि दुख आने पर भी हम पूरी तरह टूट न जाएं और अच्छे समय आने पर उसका आनंद लेना न भूलें।
जीवन की समस्याओं को स्वीकार करते हुए उनके समाधान की कोशिश करना और साथ-साथ जीवन में मौजूद अच्छी चीजों की कद्र करना ही ज्यादा संतुलित तरीका है।
निष्कर्ष
देखिए, जिंदगी हमेशा हमारी इच्छा के अनुसार नहीं चलती। कभी परिस्थितियां हमारे पक्ष में होती हैं और कभी हमारे खिलाफ।
कभी हमें सफलता मिलती है तो कभी असफलता। कभी अपने साथ होते हैं तो कभी अकेलेपन का सामना करना पड़ता है।
लेकिन इन सबके बीच एक चीज हमारे हाथ में रहती है—हम अपनी परिस्थितियों का सामना किस नजरिए से करते हैं।
इसलिए अतीत की बुरी यादों में हमेशा मत फंसे रहिए। दूसरों से अपनी तुलना मत कीजिए। हर छोटी बात को दिल पर मत लीजिए।
अपनी सेहत और रिश्तों की कद्र कीजिए। दूसरों में अच्छाई देखने की कोशिश कीजिए और अपनी जिंदगी में मौजूद छोटी-छोटी खुशियों को महसूस करना सीखिए।
क्योंकि जिंदगी सिर्फ समस्याओं का नाम नहीं है। जिंदगी उन समस्याओं के बीच मिले छोटे-छोटे खूबसूरत पलों का नाम भी है।
जीवन में हमेशा याद रखें ये 5 बातें | सफल और खुशहाल जिंदगी के 5 मंत्र
तो दोस्तों अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ जरूर शेयर करें, ताकि शायद किसी ऐसे व्यक्ति तक भी यह बात पहुंचे जिसे आज इसकी जरूरत है।
आपको सही जानकारी मिले और उसका सही फायदा मिले—यही Life Ka Doctor की कोशिश है।
ऐसे ही ज्ञानवर्धक लेख पढ़ने के लिए हमारे साथ जुड़े रहे।
📺 YouTube | 📘 Facebook | 📸 Instagram | 💼 LinkedIn | 📌 Pinterest




