काम, क्रोध, लोभ, मोह और अहंकार: मन के पांच विकारों पर काबू कैसे पाएं?

काम, क्रोध, लोभ, मोह और अहंकार मनुष्य के मन के पांच ऐसे विकार माने जाते हैं, जो उसके विचारों, व्यवहार और जीवन को प्रभावित करते हैं। हमारे साधु-संत और आध्यात्मिक गुरु सदियों से इन पांचों विकारों पर नियंत्रण रखने की बात कहते आए हैं। भारतीय दर्शन में भी इन्हें मनुष्य की आंतरिक अशांति और दुखों से जोड़कर देखा गया है।

लेकिन जरा सोचिए, अगर इन मन के इन पांचों विकारों से छुटकारा पाना इतना आसान होता, तो विश्वामित्र, वशिष्ठ और परशुराम जैसे महान तपस्वियों तथा इंद्र, वरुण और कुबेर जैसे देवताओं से जुड़ी कथाओं में भी काम, क्रोध और अहंकार के प्रसंग क्यों मिलते?

दूसरी तरफ भगवान बुद्ध, महावीर और कबीर जैसे महापुरुषों ने आत्मसंयम, वैराग्य और आत्मज्ञान का मार्ग दिखाया। उनके जीवन से हमें यह सीख मिलती है कि मनुष्य अपने मन की इच्छाओं और भावनाओं को समझकर उन पर नियंत्रण रखना सीख सकता है।

यह जरूरी नहीं कि हर व्यक्ति संसार छोड़कर संन्यास धारण करे। गृहस्थ जीवन में रहते हुए भी हम अपने मन के इन पांच विकारों को नियंत्रित करने का अभ्यास कर सकते हैं।

इस लेख में हम समझेंगे कि मन के पांच विकारों पर काबू कैसे पाएं?  काम, क्रोध, लोभ, मोह और अहंकार क्या हैं, ये हमारे दुखों का कारण कैसे बनते हैं और इन पर नियंत्रण रखकर जीवन में मानसिक शांति और संतुलन कैसे बनाया जा सकता है।


मन के विकार क्या हैं?

देखिए, विकार का सामान्य अर्थ है, किसी चीज के स्वाभाविक या संतुलित आकार में बदलाव आ जाना। इसी तरह मन के विकार वे नकारात्मक विचार, इच्छाएं और भावनाएं हैं, जो हमारे सोचने-समझने और व्यवहार करने के तरीके को प्रभावित कर सकती हैं।

मनुष्य के मन में प्रेम, करुणा, दया, संतोष और सहानुभूति जैसी सकारात्मक भावनाएं भी होती हैं। वहीं दूसरी तरफ क्रोध, लालच, अत्यधिक आसक्ति, अनियंत्रित इच्छाएं और घमंड जैसी भावनाएं भी पैदा होती हैं। जब ये भावनाएं हमारे ऊपर हावी हो जाती हैं और हम अपने विवेक के अनुसार व्यवहार नहीं कर पाते, तब ये हमारे लिए परेशानी का कारण बन सकती हैं।

भारतीय आध्यात्मिक परंपरा में काम, क्रोध, लोभ, मोह और अहंकार को मन के पांच प्रमुख विकारों के रूप में समझाया गया है।

आइए इन्हें सरल भाषा में समझते हैं:

  • काम: अपनी इच्छाओं और कामनाओं को पूरा करने की तीव्र लालसा।
  • क्रोध: इच्छा पूरी न होने या मन के विपरीत परिस्थिति आने पर पैदा होने वाला गुस्सा।
  • लोभ: जरूरत से अधिक धन, वस्तु या लाभ पाने की लालसा।
  • मोह: किसी व्यक्ति, वस्तु या परिस्थिति के प्रति अत्यधिक आसक्ति।
  • अहंकार: स्वयं को दूसरों से श्रेष्ठ समझना और अपनी गलतियों को स्वीकार न कर पाना।

इन भावनाओं का होना अपने आप में हमेशा गलत नहीं है। उदाहरण के लिए, इच्छा हमें मेहनत करने की प्रेरणा देती है और स्वाभिमान हमें अपने अधिकारों के लिए खड़ा होना सिखाता है। समस्या तब पैदा होती है जब हम इन भावनाओं में संतुलन खो देते हैं और इनके नियंत्रण में आकर निर्णय लेने लगते हैं। इसलिए मन के विकारों से मुक्ति का अर्थ अपनी सभी भावनाओं को समाप्त करना नहीं, बल्कि उन्हें समझना, संतुलित रखना और अपने विवेक के अनुसार जीवन जीना है।

आइए, अब एक-एक करके मन के इन पांच विकारों को समझते हैं।

 1. काम के कारण होने वाला दुख

काम का सामान्य अर्थ है कामना या इच्छा। मनुष्य के मन में अनेक प्रकार की इच्छाएं होती हैं। जैसे धन कमाने की इच्छा, सफलता पाने की इच्छा, किसी व्यक्ति को पाने की इच्छा या परिवार और समाज में सम्मान तथा प्रशंसा प्राप्त करने की इच्छा।

इन इच्छाओं को पूरा करने के लिए हम अपनी क्षमता और योग्यता के अनुसार मेहनत भी करते हैं। जब हमारी इच्छाएं पूरी होती हैं, तो हमें खुशी मिलती है। लेकिन जब हमारी अपेक्षाएं पूरी नहीं होतीं, तो निराशा और दुख का अनुभव होता है।

यहां समझने वाली बात यह है कि इच्छा करना गलत नहीं है। इच्छाएं ही हमें जीवन में आगे बढ़ने और मेहनत करने की प्रेरणा देती हैं। समस्या तब पैदा होती है, जब कोई इच्छा हमारे मन पर इतनी हावी हो जाती है कि उसके बिना हमें अपना जीवन अधूरा लगने लगता है।

उदाहरण के लिए, धन कमाना जरूरी हो सकता है, लेकिन यदि धन ही हमारे जीवन का एकमात्र उद्देश्य बन जाए, तो हम रिश्तों, स्वास्थ्य और मानसिक शांति को भी नजरअंदाज करने लगते हैं।

प्रकृति में संतुलन का सिद्धांत हर जगह दिखाई देता है। पृथ्वी का गुरुत्वाकर्षण, ग्रहों की गति और प्राकृतिक प्रक्रियाएं अपने-अपने नियमों के अनुसार चलती हैं। इसी तरह मनुष्य को भी अपनी इच्छाओं और आकांक्षाओं के बीच संतुलन बनाए रखना चाहिए।

हमें अपनी जरूरतों और क्षमताओं के अनुसार लक्ष्य बनाने चाहिए, लेकिन किसी एक इच्छा को अपने सुख-दुख का आधार नहीं बना लेना चाहिए। क्योंकि जरूरत से ज्यादा अपेक्षाएं अक्सर निराशा का कारण बनती हैं।

इसलिए इच्छाएं रखिए, मेहनत कीजिए, लेकिन अपनी मानसिक शांति को इच्छाओं का गुलाम मत बनाइए।

संबंधित लेख: [कामवासना पर काबू पाने के आसान और प्रभावशाली उपाय]

 2. क्रोध के कारण होने वाले दुख

क्रोध एक तीव्र भावनात्मक प्रतिक्रिया है। जब हमारी इच्छाएं पूरी नहीं होतीं, कोई हमारी अपेक्षाओं के विपरीत व्यवहार करता है या हमारे अहंकार को चोट पहुंचती है, तो हमारे भीतर क्रोध पैदा हो सकता है।

क्रोध को अग्नि के समान कहा जाता है। यदि हम उसे समझने और नियंत्रित करने के बजाय उसके वश में हो जाएं, तो वह सबसे पहले हमारे विवेक को प्रभावित करता है।

गुस्से में हम कई बार ऐसे शब्द बोल देते हैं, जिन्हें बाद में वापस नहीं ले सकते। कभी-कभी आवेश में लिए गए फैसले हमारे रिश्तों, परिवार और भविष्य को भी नुकसान पहुंचा देते हैं।

इसलिए कहा जाता है कि क्रोध के समय लिया गया निर्णय और बोले गए शब्द कई बार पछतावे का कारण बनते हैं।

हालांकि इसका अर्थ यह नहीं है कि मनुष्य को कभी क्रोध आना ही नहीं चाहिए। अन्याय, शोषण या गलत व्यवहार के विरुद्ध आवाज उठाना जरूरी है। लेकिन इसके लिए अनियंत्रित गुस्से के बजाय समझदारी, साहस और विवेक की जरूरत होती है।

उदाहरण के लिए, यदि कोई व्यक्ति आपके साथ अन्याय करता है, तो उसका विरोध करना आपका अधिकार है। लेकिन यदि आप क्रोध में आकर हिंसा या अपमानजनक व्यवहार करने लगते हैं, तो समस्या और बढ़ सकती है।

हमें यह समझना होगा कि क्रोध महसूस होना और क्रोध के वश में होकर व्यवहार करना दो अलग-अलग बातें हैं।

जब भी गुस्सा आए, तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय कुछ देर रुकें, गहरी सांस लें और परिस्थिति को समझने की कोशिश करें। धीरे-धीरे यह अभ्यास आपको अपने क्रोध पर नियंत्रण रखने में मदद कर सकता है।

संबंधित लेख: [हमें गुस्सा क्यों आता है और हम अपने गुस्से को कैसे कंट्रोल करें]

 3. लोभ के कारण होने वाले दुख

लोभ का अर्थ है लालच। यानी अपनी जरूरत से अधिक पाने की इच्छा करना या अपने पास मौजूद चीजों से संतुष्ट न होना।

लालच को अनेक बुराइयों की जड़ माना जाता है। जब मनुष्य लोभ के वश में आ जाता है, तो वह अपने लाभ के बारे में तो सोचता है, लेकिन दूसरों के नुकसान की परवाह करना छोड़ सकता है।

कई बार धन और संपत्ति पाने की इच्छा में लोग गलत रास्ते अपना लेते हैं। वे धोखा देते हैं, रिश्वत लेते हैं, दूसरों का अधिकार छीनते हैं और अपने रिश्तों तक को नुकसान पहुंचा देते हैं।

ऐसे व्यक्ति को शुरुआत में भले ही लाभ दिखाई दे, लेकिन उसके व्यवहार के कारण भविष्य में उसे मानसिक तनाव, सामाजिक बदनामी और रिश्तों में समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

हालांकि धन कमाने, तरक्की करने और बेहतर जीवन की इच्छा रखना गलत नहीं है। हर व्यक्ति को अपने और अपने परिवार के लिए अच्छा जीवन बनाने का अधिकार है।

लेकिन जब हमारी इच्छाएं जरूरतों से आगे बढ़कर कभी खत्म न होने वाली लालसा बन जाती हैं, तब समस्या पैदा होती है।

इसलिए जीवन में मेहनत और तरक्की के साथ संतोष का भाव भी जरूरी है। संतोष का अर्थ यह नहीं कि हम प्रयास करना छोड़ दें। इसका अर्थ है कि आगे बढ़ने की कोशिश करते हुए भी अपने पास मौजूद अच्छी चीजों का महत्व समझें।

याद रखिए, जरूरतें पूरी करने के लिए धन कमाना समझदारी है, लेकिन धन के लिए अपना विवेक और ईमानदारी खो देना लोभ है।

संबंधित लेख: [जिंदगी में हमेशा खुश रहने के 10 चमत्कारी उपाय]

 4. मोह के कारण होने वाले दुख

मोह का अर्थ है किसी व्यक्ति, वस्तु, संबंध या परिस्थिति के प्रति अत्यधिक आसक्ति।

हमारे जीवन में कई लोग और चीजें बहुत प्रिय होती हैं। माता-पिता, पति-पत्नी, बच्चे, प्रेमी-प्रेमिका और मित्र हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा होते हैं। इसी तरह धन, संपत्ति और सामाजिक प्रतिष्ठा से भी हमारा लगाव हो जाता है।

जब कोई प्रिय व्यक्ति हमसे दूर हो जाता है, किसी अपने की मृत्यु हो जाती है या हमारी संपत्ति और मान-सम्मान को नुकसान पहुंचता है, तो हमें गहरा दुख होता है।

यह स्वाभाविक है। किसी प्रिय व्यक्ति को खोने का दुख वास्तविक होता है और उसे केवल मोह कहकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

लेकिन मोह की समस्या तब पैदा होती है, जब हम किसी व्यक्ति या वस्तु को अपनी खुशी का एकमात्र आधार बना लेते हैं। हम चाहते हैं कि वह व्यक्ति हमेशा हमारे साथ रहे, हमारी इच्छा के अनुसार व्यवहार करे और कभी हमसे दूर न जाए।

जब ऐसा नहीं होता, तो हम मानसिक रूप से टूटने लगते हैं।

भारतीय आध्यात्मिक दर्शन में भगवान श्रीकृष्ण ने भगवद्गीता में अनित्यता और आसक्ति के विषय को समझाया है। संसार की हर वस्तु परिवर्तनशील है। कोई भी व्यक्ति या वस्तु हमेशा हमारे पास नहीं रह सकती।

इसका अर्थ यह नहीं कि हमें किसी से प्रेम नहीं करना चाहिए। प्रेम और मोह में अंतर समझना जरूरी है। प्रेम में अपनापन और दूसरे की स्वतंत्रता का सम्मान होता है, जबकि अत्यधिक मोह में खो देने का डर और अधिकार की भावना बढ़ सकती है।

इसलिए अपने प्रियजनों से प्रेम कीजिए, उनका सम्मान कीजिए, लेकिन यह भी समझिए कि जीवन में परिवर्तन होना स्वाभाविक है।

संबंधित लेख: [जीवन की कड़वी यादों को कैसे भुलाएं]

 5. अहंकार के कारण होने वाले दुख

अहंकार का सामान्य अर्थ है घमंड। यानी स्वयं को दूसरों से अधिक बुद्धिमान, शक्तिशाली, योग्य या श्रेष्ठ समझना।

अहंकार मनुष्य के भीतर एक ऐसा भ्रम पैदा कर सकता है, जिसमें वह अपनी गलतियों को स्वीकार नहीं करना चाहता। उसे लगता है कि वह हमेशा सही है और दूसरे लोग उससे कम समझदार हैं।

ऐसा व्यक्ति छोटी-छोटी बातों को भी अपने सम्मान से जोड़ लेता है। यदि कोई उसकी बात नहीं मानता या उसकी आलोचना करता है, तो वह इसे अपनी बेइज्जती समझ सकता है।

यहीं से रिश्तों में तनाव और जीवन में दुख पैदा होने लगते हैं।

हालांकि यहां एक बात समझना जरूरी है। अहंकार और स्वाभिमान एक जैसे नहीं हैं। स्वाभिमान का अर्थ है स्वयं के सम्मान और अधिकारों को समझना। यह मनुष्य को अन्याय के सामने खड़े होने और अपने जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

लेकिन अहंकार में व्यक्ति दूसरों को छोटा समझने लगता है और स्वयं को हमेशा श्रेष्ठ साबित करने की कोशिश करता है।

उदाहरण के लिए, यदि कोई व्यक्ति आपकी गलती बताता है, तो उसे स्वीकार करना स्वाभिमान के विरुद्ध नहीं है। बल्कि अपनी गलती स्वीकार कर उसे सुधारना समझदारी है।

हमें यह समझना चाहिए कि दुनिया में कोई भी व्यक्ति हर क्षेत्र में श्रेष्ठ नहीं हो सकता। हर किसी में कुछ खूबियां होती हैं और कुछ कमियां भी।

इसलिए दूसरों का सम्मान करना, अपनी गलतियों से सीखना और जरूरत पड़ने पर माफी मांगना अहंकार को नियंत्रित करने के महत्वपूर्ण तरीके हैं।

संबंधित लेख: [जिसे तुम बस्ती कहते हो वह तो मरघट है, जानिए दिल को झकझोर देने वाली सच्चाई]

 जीवन में सुखी रहने के लिए मन के पांच विकारों पर नियंत्रण कैसे रखें?

अब सवाल है कि काम, क्रोध, लोभ, मोह और अहंकार को नियंत्रित कैसे किया जाए?

इसका कोई एक दिन का उपाय नहीं है। मन को समझना और अपनी भावनाओं का अवलोकन करना लगातार अभ्यास से विकसित होने वाली क्षमता है।

इसके लिए कुछ बातों को अपने जीवन में अपनाया जा सकता है:

1. अपनी इच्छाओं को पहचानें: हर इच्छा के पीछे भागने के बजाय समझें कि कौन-सी इच्छा वास्तव में जरूरी है।
2. क्रोध में तुरंत प्रतिक्रिया न दें: गुस्सा आने पर कुछ समय रुकें और शांत होकर अपनी बात रखें।
3. संतोष का अभ्यास करें: अपनी उपलब्धियों और जीवन में मौजूद अच्छी चीजों का महत्व समझें।
4. रिश्तों में प्रेम रखें, अधिकार नहीं: अपने प्रियजनों की स्वतंत्रता और भावनाओं का सम्मान करें।
5. अपनी गलतियां स्वीकार करें: स्वयं को हमेशा सही मानने के बजाय दूसरों से सीखने की कोशिश करें।
6. ध्यान और आत्मचिंतन करें: प्रतिदिन कुछ समय अपने विचारों और व्यवहार को समझने में लगाएं।

ध्यान, योग-साधना और आत्मचिंतन से मन को शांत करने तथा अपनी भावनाओं को समझने में मदद मिल सकती है। इसके लिए संन्यास लेना जरूरी नहीं है। गृहस्थ जीवन में रहते हुए भी व्यक्ति आत्मसंयम का अभ्यास कर सकता है।

निष्कर्ष: सुख और दुख के बीच संतुलन बनाना सीखिए

तो दोस्तों, इस प्रकार हम समझ सकते हैं कि काम, क्रोध, लोभ, मोह और अहंकार मनुष्य के जीवन को प्रभावित करने वाले पांच महत्वपूर्ण मानसिक विकार हैं। जब ये भावनाएं अनियंत्रित हो जाती हैं, तो हमारे विचारों, व्यवहार और रिश्तों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।

इसका अर्थ यह नहीं कि हमारे मन के विकार हमेशा के लिए दूर हो जाएंगे। क्योंकि हर मनुष्य के जीवन में सुख और दुख के क्षण आते हैं। किसी अपने को खोना, असफलता मिलना या कठिन परिस्थितियों से गुजरना जीवन का हिस्सा है। ऐसे में मन में तरह-तरह के विकार उठ सकते है।

लेकिन हम अपने मन और उसके व्यवहार को समझ कर इन परिस्थितियों का संयमपूर्वक सामना करने की क्षमता विकसित कर सकते हैं। भगवद्गीता का एक महत्वपूर्ण संदेश है कि मनुष्य को सुख-दुख, लाभ-हानि और सफलता-असफलता जैसी परिस्थितियों में संतुलित रहने का अभ्यास करना चाहिए।

हमें हर परिस्थिति में सकारात्मक और व्यावहारिक दृष्टिकोण बनाए रखने की कोशिश करनी चाहिए। सफलता मिले तो विनम्र रहें और असफलता मिले तो उससे सीखें। कोई प्रशंसा करे तो अहंकार न करें और कोई आलोचना करे तो अपनी गलती समझने का प्रयास करें।

यह बदलाव एक-दो दिनों में नहीं आएगा। इसके लिए निरंतर प्रयास, धैर्य और अभ्यास की आवश्यकता है।

सच्ची मानसिक शांति शायद दुखों से पूरी तरह बचने में नहीं, बल्कि जीवन की कठिन परिस्थितियों के बीच भी अपने मन का संतुलन बनाए रखने में है।

तो दोस्तों अगर यह लेख आपको उपयोगी लगा हो तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर जरूर करें और ऐसे ही ज्ञानवर्धक लेख पढ़ने के लिए हमारे ब्लॉग को सबस्क्राइब करें।

अगला लेख पढ़ें. . . पंचतत्व क्या हैं? पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश तत्व को आसान भाषा में समझें

 

Life Ka Doctor
ज्ञान • स्वास्थ्य • आत्मविकास

हमसे सोशल मीडिया पर जुड़ें

ऐसे ही उपयोगी लेख, प्रेरणादायक विचार और नए वीडियो देखने के लिए हमें फॉलो करें।

Leave a Comment