दिवाली खुशियों, रोशनी और परिवार के साथ समय बिताने का त्योहार है, लेकिन इस दौरान हमें अपनी सुरक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और आसपास के लोगों का भी ध्यान रखना चाहिए। थोड़ी-सी समझदारी के साथ मनाई गई दिवाली न सिर्फ हमारे परिवार के लिए बल्कि दूसरों के लिए भी खुशियों का कारण बन सकती है। इसलिए आज हम आपको पाँच ऐसी महत्वपूर्ण Diwali celebration tips बताएंगे। जो आपकी इस साल की दिवाली को बेहद खास और यादगार बना सकती है। तो दोस्तों आइए आज के इस लेख में जानते हैं कि दिवाली कैसे मनाएं और दिवाली में किन 5 खास बातों का ध्यान रखना चाहिए।
दिवाली कैसे मनाएं | दिवाली में इन 5 बातों का रखें ध्यान
दिवाली सिर्फ दीप जलाने, मिठाई बांटने और नए कपड़े पहनने का त्योहार नहीं है। यह हमारे लिए रोशनी, उम्मीद, परिवार और खुशियां बांटने का अवसर भी है।
घर में दीपक जलते हैं तो मन में भी एक नई शुरुआत का एहसास होता है। लेकिन त्योहार की भागदौड़ और उत्साह के बीच हम कई बार ऐसी छोटी-छोटी बातों को नजरअंदाज कर देते हैं, जिनका असर हमारे स्वास्थ्य, पर्यावरण और आसपास के लोगों पर पड़ सकता है।
अगर हम थोड़ी समझदारी के साथ दिवाली मनाएं तो यह त्योहार हमारे परिवार के साथ-साथ उन लोगों के लिए भी खुशी लेकर आ सकता है, जो किसी वजह से आर्थिक या सामाजिक परेशानी से गुजर रहे हैं।
साथ ही पटाखों, मिठाइयों और सजावट को लेकर थोड़ी सावधानी रखकर हम दिवाली को सुरक्षित, खुशहाल और यादगार बना सकते हैं। तो अगर आप भी इस बार यादगार, सुरक्षित और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार दिवाली मनाना चाहते हैं।
तो इस लेख में बताई गई 5 जरूरी बातों को जरूर ध्यान में रखें। इनमें जरूरतमंदों के साथ खुशियां बांटने से लेकर पटाखों की सुरक्षा, बच्चों और बुजुर्गों का ध्यान, मिठाइयों की गुणवत्ता और साफ-सफाई तक की जरूरी बातें शामिल हैं।
1. अपनी खुशी का दायरा थोड़ा बड़ा करें
दिवाली पर हम अपने परिवार के लिए नए कपड़े खरीदते हैं, घर सजाते हैं, मिठाइयां लाते हैं और परिवार के साथ खुशियां मनाते हैं। इसमें कोई बुराई नहीं है।
आखिर त्योहार का मतलब ही खुशी और उत्साह है। लेकिन इस खुशी में अगर हम अपने आसपास रहने वाले गरीब और जरूरतमंद लोगों को भी थोड़ा शामिल कर लें तो त्योहार की खुशी और बढ़ सकती है।
आपने सुना तो होगा ही कि खुशियां बांटने से बढ़ती है। सोचिए, जिन लोगों के पास अच्छे से दिवाली मनाने के लिए पैसे नहीं है।
अगर आप दिवाली के दिन उनकी मदद करेंगे तो वे कितने खुश होंगे और आपको कितनी दुआएं देंगे।
हर व्यक्ति अपनी आर्थिक क्षमता के अनुसार किसी जरूरतमंद परिवार की मदद कर सकता है।
किसी को कपड़े देना, किसी बच्चे के लिए मिठाई या किताब खरीदना, किसी जरूरतमंद परिवार के साथ भोजन बांटना या अपनी क्षमता के अनुसार छोटी-सी आर्थिक मदद करना—ये सभी अच्छे काम हो सकते हैं।
जरूरी यह नहीं है कि आप कितना खर्च कर रहे हैं। असली बात यह है कि आप अपनी खुशी में किसी दूसरे इंसान के लिए भी थोड़ी जगह बना रहे हैं।
दिवाली पर खुशियां बांटने के आसान तरीके
- जरूरतमंद व्यक्ति को कपड़े या जरूरी सामान दें।
- किसी गरीब परिवार के साथ मिठाई या भोजन साझा करें।
- बच्चों को किताब, स्टेशनरी या उपयोगी वस्तुएं दें।
- आसपास के बुजुर्ग या अकेले रहने वाले व्यक्ति से मिलकर उन्हें थोड़ा समय दें।
- किसी जरूरतमंद की मदद अपनी क्षमता के अनुसार करें।
याद रखिए, त्योहार की सबसे खूबसूरत रोशनी अक्सर उस समय दिखाई देती है जब हमारी खुशी किसी दूसरे के चेहरे पर मुस्कान बन जाती है।
हमेशा मुस्कुराना क्यों जरूरी है? मुस्कुराने के इतने फायदे आपको आज तक किसी ने नहीं बताया होगा
2. पटाखों का इस्तेमाल सोच-समझकर करें
दिवाली और पटाखों का संबंध आज बहुत गहरा दिखाई देता है, लेकिन पटाखों का इस्तेमाल कई तरह की समस्याएं भी पैदा कर सकता है।
पटाखों से निकलने वाला जहरीला धुआं और सूक्ष्म कण वायु गुणवत्ता (AQI) को खराब कर सकते हैं, जबकि तेज आवाज बुजुर्गों, छोटे बच्चों और संवेदनशील लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। मुझे यह बात जब से समझ आई तभी से मैंने पटाखों का उपयोग बंद कर दिया है। कई सालों से मैंने दिवाली में पटाखे जलाना छोड़ दिया है।
आप भी ऐसा कर सकते है। वैसे भी थोड़े से मजे के लिए अपने पैसे में आग लगा कर वातावरण को प्रदूषित करना कोई समझदारी नहीं है।
इसीलिए अगर आप पटाखे चलाना पसंद करते हैं तो कम मात्रा में, सुरक्षित तरीके से और स्थानीय नियमों का पालन करते हुए उनका इस्तेमाल करना बेहतर है। खासकर छोटे बच्चों को पटाखे अकेले न चलाने दें और हमेशा किसी बड़े व्यक्ति की निगरानी में ही पटाखे चलवाएं।
पटाखे चलाते समय इन बातों का ध्यान रखें
- पटाखे खुले और सुरक्षित स्थान पर ही चलाएं।
- छोटे बच्चों को अकेले पटाखे न दें।
- पटाखे चलाते समय पानी या बालू पास में रखें।
- जलते हुए पटाखे के पास जाकर उसे दोबारा जलाने की कोशिश न करें।
- हाथ में पकड़कर पटाखे चलाने से बचें।
- घर, वाहन, बिजली के तार और ज्वलनशील सामान से दूर रहें।
- आंखों की सुरक्षा का ध्यान रखें।
- तेज आवाज वाले पटाखों का इस्तेमाल कम से कम करें।
- अपने शहर या राज्य में लागू नियमों और समय-सीमा का पालन करें।
अगर आपको पटाखे पसंद हैं तो भी दिवाली की खुशी सिर्फ पटाखों पर निर्भर नहीं है। दीये, रंगोली, परिवार के साथ समय, पूजा, संगीत और दूसरों के साथ खुशियां बांटना भी दिवाली को खास बना सकता है।
नवरात्रि व्रत का महत्व क्या है? जानिए उपवास के नियम, क्या खाएं और क्या न खाएं
3. बच्चों, बुजुर्गों और जानवरों का भी ध्यान रखें
दिवाली पर सबसे ज्यादा उत्साह बच्चों में होता है, लेकिन यही वह समय है जब उनकी सुरक्षा पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।
पटाखों की तेज आवाज और अचानक होने वाले धमाकों से छोटे बच्चे डर सकते हैं। बुजुर्गों और बीमार लोगों को भी तेज आवाज और धुएं से परेशानी हो सकती है।
इसके अलावा हमारे आसपास रहने वाले पशु-पक्षियों के लिए भी तेज आवाज और धुआं तनाव का कारण बन सकता है।
इसलिए दिवाली मनाते समय यह सोचने की कोशिश करें कि हमारी खुशी से किसी दूसरे को अनावश्यक परेशानी न हो।
अगर आपके घर में छोटे बच्चे, बुजुर्ग या पालतू जानवर हैं तो उन्हें सुरक्षित और शांत जगह पर रखें।
पटाखों के दौरान उनकी स्थिति पर नजर रखें और जरूरत पड़ने पर उन्हें शोर से दूर रखें।
दिवाली की खुशी तब और अच्छी लगती है जब उसमें अपनों की सुरक्षा के साथ दूसरों के प्रति संवेदनशीलता भी शामिल हो।
बाद में इसे भी पढ़ें – धर्म का असली मतलब पूजा-पाठ नहीं, ये होता है
4. मिठाई और खाने-पीने की चीजों की गुणवत्ता का ध्यान रखें
दिवाली पर मिठाइयां और स्वादिष्ट पकवान त्योहार का अहम हिस्सा होते हैं। लेकिन त्योहार के दिनों में मिठाइयों की खरीदारी बढ़ जाने के कारण हमें उनकी गुणवत्ता को लेकर थोड़ा सावधान रहना चाहिए। क्योंकि कुछ लोग ज्यादा मुनाफा कमाने के लिए त्योहार के दिनों में नकली मिठाइयां बेचते है।
जो आपके और आपके परिवार की सेहत को खराब कर सकती है। मिठाई खरीदते समय साफ-सफाई, दुकान की स्वच्छता, पैकिंग, निर्माण और समाप्ति तिथि जैसी बातों पर ध्यान दें। बहुत ज्यादा रंगीन, खराब गंध वाली या असामान्य दिखने वाली मिठाई खरीदने से बचें।
पैकेज्ड खाद्य पदार्थ खरीद रहे हैं तो लेबल और expiry date जरूर देखें। अगर संभव हो तो कुछ मिठाइयां घर पर भी बनाई जा सकती हैं। इससे सामग्री की गुणवत्ता और मात्रा पर आपका नियंत्रण रहता है।
त्योहार पर स्वाद का आनंद जरूर लें, लेकिन जरूरत से ज्यादा मिठाई और तला-भुना खाना खाने से बचें। खासकर जिन लोगों को पहले से कोई स्वास्थ्य संबंधी समस्या है, उन्हें अपनी खाने की मात्रा का ध्यान रखना चाहिए।
5. दिवाली को पर्यावरण और सफाई के साथ मनाएं
दिवाली के बाद अक्सर घरों और सड़कों पर कचरा, पटाखों के अवशेष और प्लास्टिक की पैकिंग दिखाई देती है।
इसलिए त्योहार मनाने के साथ-साथ सफाई की जिम्मेदारी भी हमारी ही है। घर सजाते समय ऐसे सामान का इस्तेमाल करें जिन्हें दोबारा इस्तेमाल किया जा सके।
प्लास्टिक की अनावश्यक सजावट की जगह मिट्टी के दीये, कपड़े की सजावट, प्राकृतिक रंगों की रंगोली या पहले से उपलब्ध सजावटी सामान का इस्तेमाल किया जा सकता है। दिवाली के बाद पटाखों का कचरा सड़क पर छोड़ने के बजाय उसे उचित तरीके से साफ करें और घर के कचरे को अलग-अलग करके निपटाने की कोशिश करें।
पर्यावरण के अनुकूल दिवाली मनाने के कुछ आसान तरीके
Eco Friendly Diwali tips
- मिट्टी के दीयों का इस्तेमाल करें।
- जरूरत के अनुसार ही सजावट खरीदें।
- पुराने सजावटी सामान को दोबारा इस्तेमाल करें।
- अनावश्यक प्लास्टिक से बचें।
- घर और आसपास की सफाई रखें।
- पटाखों का इस्तेमाल कम करें।
- दिवाली के बाद कचरा खुले में न छोड़ें।
दिवाली पर सिर्फ घर नहीं, अपना मन भी रोशन करें
दिवाली केवल दीप जला कर बाहर के अंधेरे को मिटाने का नाम नहीं है। यह हमें बाहर की रोशनी के साथ-साथ अंदर की रोशनी के बारे में भी सोचने का संदेश देती है। जिस तरह हम घर की सफाई करते हैं, दीप जलाते हैं और अंधेरे को दूर करते हैं।
इसी तरह अपने मन में मौजूद नफरत और ईर्ष्या की सफाई कर सकते हैं। अपने मनमें ज्ञान का दीप जलाकर अपने अहंकार और नकारात्मकता के अंधेरे को दूर कर सकते है।
तो इस दिवाली किसी पुराने रिश्ते को बेहतर बनाने की कोशिश करें, किसी नाराज व्यक्ति से बात करें, परिवार के साथ थोड़ा ज्यादा समय बिताएं और किसी जरूरतमंद की मदद करें।
हो सकता है कि ये छोटी-छोटी चीजें आपके लिए इस दिवाली की सबसे बड़ी खुशी बन जाएं।
असली खुशी कैसे मिलेगी ? लोग सब कुछ पाकर भी खुश क्यों नहीं हैं
इको-फ्रेंडली दिवाली कैसे मनाएं?
- मिट्टी के दीये इस्तेमाल करें
- अनावश्यक प्लास्टिक सजावट से बचें
- पटाखों का इस्तेमाल कम करें
- कचरा इधर-उधर न फेंकें
- स्थानीय और reusable सामान खरीदें
निष्कर्ष
दोस्तों दिवाली साल में आने वाला सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि परिवार और समाज के साथ खुशियां बांटने का एक खूबसूरत अवसर है।
इसे मनाने का तरीका हर परिवार और व्यक्ति का अलग हो सकता है, लेकिन थोड़ी-सी समझदारी और संवेदनशीलता इस त्योहार को और बेहतर बना सकती है।
इसलिए इस दिवाली खूब खुशियां मनाइए, घर को दीपों से सजाइए, परिवार के साथ समय बिताइए और अपनी खुशी में किसी जरूरतमंद को भी शामिल कीजिए।
दिवाली की असली रोशनी सिर्फ हमारे घर में नहीं, बल्कि हमारे व्यवहार और हमारे आसपास के लोगों के जीवन में भी दिखाई देनी चाहिए।
तो अगर आपको यह लेख पसंद आया हो तो इसे अपने दोस्तों और परिजनों के साथ भी शेयर करें और ऐसे ही रोचक और ज्ञानवर्धक कंटेन्ट पाने के लिए हमारे साथ जुड़े रहे। आप सभी को Life Ka Doctor की ओर से दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं।
📺 YouTube | 📘 Facebook | 📸 Instagram | 💼 LinkedIn | 📌 Pinterest
आप सभी को Life Ka Doctor की ओर से दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं।




